रायपुर। राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक पति ने अपनी अलग रह रही पत्नी और मासूम बच्चे पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पति की क्रूरता साफ दिख रही है। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पीडि़ता चेतनी परमार अग्रवाल साइकिल शोरूम में साफ-सफाई का काम करती हैं। शुक्रवार सुबह (जून 21, 2024) जब वह शोरूम के बाहर निकलीं, तो उनके पति युगांधर परमार ने उन्हें देख लिया। युगांधर ने चेतनी को अपने साथ मंदिर हसौद चलने के लिए कहा, लेकिन जब पीडि़ता ने इनकार कर दिया, तो उसने अपने कपड़ों में छिपाकर रखा हंसिया निकाला और उस पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। हमले के वक्त चेतनी की गोद में उनका बच्चा भी था, जिसे भी चोटें आई हैं। चेतनी को पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अपनी जान बचाने के लिए महिला दौड़ते हुए एक कॉम्प्लेक्स में घुस गई। शोर सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पति वहां से भाग निकला। पीडि़ता चेतनी ने तुरंत सिविल लाइन थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पिछले तीन साल से अपने पति से अलग रह रही थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति युगांधर परमार को गिरफ्तार कर लिया है।




