जांजगीर-चांपा। पामगढ़ की सॉफ्टबॉल खिलाड़ी सालू डहरिया अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। चीन के सियान शहर में 14 से 20 जुलाई 2025 तक आयोजित होने वाली इंटरनेशनल सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है। आर्थिक तंगी के चलते उनकी राह में अड़चन जरूर आई थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मदद से सालू के सपनों को नई उड़ान मिल गई है।
मुख्यमंत्री साय ने सालू डहरिया को 1.70 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इसके साथ ही उन्होंने जांजगीर-चांपा कलेक्टर के माध्यम से वीडियो कॉल पर सालू से बात कर उनका हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सालू की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका चयन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
अब तक 12 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी सालू डहरिया ने कड़ी मेहनत से अपनी पहचान बनाई है। पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश ने भी सालू को शुभकामनाएं देते हुए कहा, पामगढ़ की बेटी अब चीन में अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।”
राज्य सरकार की यह पहल खिलाडिय़ों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।




