कई राज्यों में तेज होगा बारिश का सिलसिला, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

SHARE:

नईदिल्ली। उत्तर भारत में मानसून पूर्व की बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे गर्मी के तेवर ढीले पड़ गए हैं। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मानसून सक्रिय होने से मंगलवार को 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सप्ताह के अंत तक कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो सकता है, जिससे अगले कुछ दिनों बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। मानसून पर कई दिनों का ब्रेक लगने के बाद सोमवार को मुंबई से आगे बढ़ा और गुजरात के वडोदरा और मध्य प्रदेश के खरगोन जिले तक पहुंच गया। इसके अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया। अगले 2 दिन में मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, एमपी, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में पहुंच सकता है। साथ ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश कई बाकी हिस्सों में दस्तक दे सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों मानसून प्रवेश कर गया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।17 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।
आईएमडी ने 19 से 21 जून तक के लिए भारी बारिश, आंधी, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।
राजस्थान में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। राजधानी जयपुर में सोमवार को दोपहर बाद तेज हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया, जबकि 12 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को 26 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बारिश जनित हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम था। आर्द्रता 77 प्रतिशत होने से उमस का असर देखा जा रहा है। मंगलवार को राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में हल्की/मध्यम बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।

Hasdeo Times
Author: Hasdeo Times

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now