उत्तर भारत में फिर से सताएगा गर्मी का मौसम, 40 डिग्री पार कर सकता है तापमान

SHARE:

नईदिल्ली । मानसून पूर्व की बारिश के चलते पिछले दिनों उत्तर भारत में गर्मी से मिली राहत अब खत्म हो गई है। शनिवार (7 जून) से भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बारिश में कमी के चलते तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।
उत्तरी राज्यों में 25 जून से 5 जुलाई के बीच मानसून आने की उम्मीद है, लेकिन तब तक गर्मी का कहर बरकरार रहेगा।
केरल में इस बार मानसून तय समय से 8 दिन पहले ही आ गया। इसी दौरान अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के क्षेत्र बनने से मानसून आगे बढ़ गया।
इस कारण मई में गर्मी की अवधि सिमट गई और लोगों को लू के थपेड़े नहीं झेलने पड़े, लेकिन अब मौसम करवट लेता दिख रहा है।
पहाड़ों पर भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिससे गर्म हवाएं मानसून के रास्ते में अवरोध बनकर खड़ी हो गई हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम साफ होने के साथ पश्चिमी इलाकों में शनिवार को आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
दूसरी तरफ राजस्थान में पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण सुहाना हुआ मौसम अब तपती गर्मी में बदल गया है। 1-2 दिन में यहां तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।
इसके अलावा बिहार में 12 जून तक बारिश होने के आसार नहीं हैं। मध्य प्रदेश में दक्षिण के कुछ जिलों को छोड़कर बाकी जगह मौसम शुष्क रहेगा।
देश की राजधानी में भी मौसम अचानक से पलट गया है। आने वाले दिनों में दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जाने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है।
10-11 जून तक दिल्ली में तापमान 43 से 44 डिग्री को पार कर जाएगा। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगे, लेकिन उससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
उत्तर भारत में जहां भीषण गर्मी कहर बरपाएगी, वहीं पूर्वोत्तर में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
असम और मेघालय सहित आस-पास के राज्यों में गरज के साथ तेज बारिश होगी। कई जगहों पर ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है। कुछ जगह मौसम साफ रहने से गर्मी का असर तेज होने की भी संभावना है।

Hasdeo Times
Author: Hasdeo Times

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now